जमानियाँ(गाजीपुर)। कोतवाली पुलिस ने गोकशी करने वाले लोगों के खिलाफ बड़ी कार्यवाई करते हुए शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे स्थानीय नगर के कानूनगों मुहल्ला (कसाई मुहल्ला) वार्ड नं० 8 से बड़ी मात्रा में गोमांस, आधा दर्जन गोवंश, खाल, खुर व गोकशी करने वाला उपकरण सहित एक दर्जन पशुतस्करों को हिरासत में ले लिया तथा फरार पशु तस्करों की खोज-बीन में जुटी हुई है। पुलिस की इस कार्यवाई से पशु तस्करों में हड़कम्प मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मुखबिर खास की सूचना पर क्षेत्राधिकारी व कोतवाली प्रभारी वन्दना सिंह पुलिस बल व पीएसी के साथ नगर के कानूनगों मुहल्ला वार्ड नं० 8 में सुबह करीब 6 जा धमके तथा दर्जनों घरों की तलाशी शुरू कर दी गई। जिसमें कई घरों से भारी मात्रा में करीब 44 कुन्तल गोमांस, आधा दर्जन गोवंश, गोवंशों का 21 खाल, 12 खुर तथा गोकशी करने वाला उपकरण चापड़, चाकू तथा तराजू, भगोना सहित दस पुरुष तस्कर व दो महिला तस्कर को हिरासत में लिया। कुछ तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गये। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का प्रयास जारी है। हिरासत में लिये गये तस्करो से पुलिस पूछ-ताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी वन्दना सिंह ने बताया कि बरामद किये गये करीब 44 कुन्तल गोमांस को मिट्टी में दबाकर नष्ट करने के बाद सभी गोवंश को पशु आश्रय स्थल भेज दिया गया है तथा हिरासत में लिये गये तस्करो से पूछ-ताछ की जा रही है। गोमांस का सेम्पल लिया गया है जिसे मथुरा भेजा जायेगा।