गाजीपुर 08 सितम्बर, 2022 (सू.वि)। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) एवं प्रभारी अधिकारी (कलेक्ट्रेट), समस्त जनपद स्तरीय कार्यालयाध्यक्ष/अधिकारियों /जनपदीय/तहसील/ब्लाक स्तरीय कार्यालयों को सूचित किया कि कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनाती के दौरान टंकण ज्ञान आवश्यक है, किन्तु यह देखा जा रहा है कि कई कार्मिक जो कनिष्ठ सहायक के पद पर नियुक्त होते है वे टंकण ज्ञान/कम्प्यूटर चलाने में रूचि नही रखते है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि कलेक्ट्रेट में व अन्य तहसीलों में लिपिक के पद पर तैनात समस्त कार्मिकों के टंकण ज्ञान/कम्प्यूटर संचालन के बारे में जानकारी कर लिया जाय और जिन कर्मचारियों को टंकण ज्ञान/कम्प्यूटर संचालन का ज्ञान नहीं है उन्हें नोटिस देकर कार्यवाही सुनिश्चित करें। यदि फिर भी कार्मिक असफल रहता है तो उनकी सेवा से बरखास्तगी के सम्बन्ध में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाय।