जमानियॉ(गाजीपुर)। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा रविवार को नगर सहित ग्रामीण इलाकों में उत्साहपूर्वक मनाया गया तथा व्रती महिलाएं व पुरुष अस्ताचल भगवान भास्कर को अर्ध्य देकर विधिवत पूजन किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। गली, मुहल्ले व गंगा घाट छठी मईया के गीत से संगीतमय हो गया। आस्था के महापर्व पर गंगा घाटों पर जन सैलाब उमड़ गया। सुरक्षा के दृष्टिगत चप्पे- चप्पे पर पुलिस मौजूद रही।
नगर स्थित यमदाग्नि-परशुराम गंगा घाट, कपूरा गंगा घाट, कंकडवा गंगा घाट, सतुआनी गंगा घाट, मुन्नान गंगा घाट सहित ग्रामीण क्षेत्र के बडेसर गंगा घाट, चक्काबाँध गंगा घाट, कर्मनाशा घाट व क्षेत्र के ग्राम बरुइन, अभईपुर, नईबजार, असैचन्दपुर आदि नहरो में घाट बनाकर परंपरागत ढंग से श्रद्धालुओं ने अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देकर विधिवत पूजन किया। तीन घंटे तक चला धार्मिक आयोजन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। सैकड़ों की संख्या में लोग गंगा घाटों व नहर के किनारे खड़े होकर पूजा पाठ का विधान देखते रहे। सोमवार को उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देकर व विधि-विधान से पूजा पाठ के साथ अनुष्ठान संपन्न होगा।

पूजनसामग्री लेकर सपरिवार ब्रती महिलाए पहुंची घाट
दोपहर तीन बजे के बाद ब्रती महिलाओं संग परिजन फल-मिठाई पूजन सामग्री से भरी डलिया सिर पर रखकर अपने-अपने घाट पर पहुँचे। ब्रती महिलाएँ जल में स्नान कर धूप दीप के साथ सूर्य की प्रार्थना शुरू कर दी तथा अस्ताचल भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया गया। यह क्रम सूर्यास्त होने तक चलता रहा।
पेट के बल लेट कर आए कई श्रद्धालु
आस्थाविश्वास का महापर्व छठ पूजा पर बहुत से ब्रती महिलाएं पेट के बल लेटकर परिजनों संग घाट पर पहुँची वही कोसी लेकर ब्रती महिलाएं बैण्ड बाजे के साथ गीत गाते हुए घाट तक पहुँची। पूजा के इस मौके पर हर कोई भक्ति की नजर में रंगा नजर आया।
झालरों से सजा गंगा, कर्मनाशा घाट व नहर की पटरी
नगर पालिका परिषद द्वारा ब्रती महिलाओं की सुविधा के दृष्टिगत गंगा घाटों पर टेन्ट व रंग बिंरगे विद्युत झालरों से सजाया गया था तथा सुरक्षा की दृष्टि से गंगा में रस्सी बॉधकर बैरेकेटिंग की गई थी ताकि स्नान के दौरान किसी को कोई परेशानी न हो। पुलिस व तहसील प्रशासन नावों के द्वारा लगातार चक्रमण करते दिखे तथा प्रत्येक घाटो पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
वही ग्रामीण क्षेत्र स्थित गंगा घाट, कर्मनाशा घाट व नहर की पटरी काे विद्युत झालरों से विधिवत सजाया गया था तथा ब्रती महिलाओं को बैठने के मैट की व्यवस्था की गई थी। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी और छठ गीतों से वातावरण खुशनुमा हो गया।

किसी ने ली सेल्फी तो किसी ने छोड़े पटाखे
पूजन स्थल पर आए लोगोंं ने इस स्वर्णिम अवसर को अपने मोबाइल से सेल्फी लेकर कैद करने लगे तथा बच्चे खूब पटाखे छोड़े तथा युवा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आये।
नाव द्वारा पुलिस गंगा घाटो का कर थी चक्रमण
सुरक्षा के दृष्टि से पुलिस नाव द्वारा गंगा घाटो का चक्रमण कर रही थी वही एडीएम अरुण कुमार सिंह, एसडीएम भारत भार्गत, क्षेत्राधिकारी विजय आनन्द शाही, तहसीलदार लाल जी विश्वकर्मा व नगर पालिका ईओ अब्दुल सबर, कर निरीक्षक विजयशंकर राय सहित पुलिस प्रशासन लगातार चक्रमण कर रही थी।
