गहमर (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के देवल बॉर्डर से ओवरलोड वाहनों का संचालन कराना देवल चौकी इंचार्ज राम कुमार दुबे को महंगा पड़ गया। पुलिस कप्तान द्वारा पूरे मामले की जांच करने के उपरांत देवल चौकी इंचार्ज का स्थानांतरण कर दिया गया। इनके जगह संदीप दुबे को नया चौकी प्रभारी बनाया गया है।
ज्ञात हो कि तहसील क्षेत्र में पुलिस की मिलीभगत से लाल बालू के ओवरलोड ट्रकों के संचालन का खेल मीडिया में उजागर होने के बाद पुलिस कप्तान द्वारा इसमें शामिल देवल चौकी के दो सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया था। तो वहीं बुधवार की देर रात देवल चौकी इंचार्ज राम कुमार दुबे का स्थानांतरण होना भी इसी रेत के खेल का लोग हिस्सा मान रहे है। चौकी इंचार्ज के ट्रांसफर से बालू माफियाओ के साथ साथ पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। देखना अब दिलचस्प होगा कि नए चौकी इंचार्ज ओवरलोड वाहनों के संचालन को रोक पाने में कितना सफल हो पाते है।
बता दे कि देवल कर्मनाशा सेतु के रास्ते ओवरलोड ट्रकों के परिचालन को लेकर बीते रविवार को पुलिस की मिलीभगत से चार ट्रकों को भगा दिए जाने के मामले को लेकर एसडीएम काफी नाराजगी जताते हुए प्रशासन पर शिकंजा कसते हुए सख्त निर्देश दिये थे। बीते रविवार को 5 ओवरलोड ट्रकों को देवल पुलिस चौकी द्वारा पकड़े जाने के बाद प्रभारी निरीक्षक गहमर द्वारा एसडीएम को बताया गया। लेकिन मौके पर जब आरटीओ व खनन विभाग पहुंचा तो मात्र एक ट्रक ही खड़ी मिली। जिसमें पुलिस के संलिप्त होने का संदेह होने पर पूरे प्रकरण को एसडीएम द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। इस पूरे प्रकरण की जांच के दौरान दो सिपाहियों को लाइन हाजिर तो चौकी इंचार्ज का स्थानांतरण कर दिया गया और हर हाल में ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई करने का गहमर पुलिस को निर्देश दिया गया। पुलिस कप्तान के इस कार्रवाई से जहां ओवरलोड ट्रकों के संचालन कराने वाले माफियाओं में खलबली मची हुई है तो वही पुलिसकर्मी भी भयभीत नजर आ रहे हैं।