गाजीपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को व्यापक रूप से मनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित गतिविधियों के तहत गाजीपुर जनपद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी महोदया के आदेशानुसार और जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार, महिला कल्याण विभाग और ब्रेक थ्रू ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत महराजगंज और ग्राम पंचायत बबेड़ी में महिलाओं और किशोरियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस कार्यक्रम में किशोरी समूह की सदस्याओं ने अपने भविष्य के सपनों और प्रेरणास्रोतों पर खुलकर चर्चा की, वहीं ग्रामीण महिलाओं ने अपने रोजमर्रा के अनुभव साझा किए। इसके साथ ही, वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर श्रीमती प्रियंका प्रजापति और चाइल्ड लाइन की सुपरवाइजर श्रीमती प्रियंका यादव ने महिलाओं और किशोरियों को हेल्पलाइन नंबर 181, 112, 1098, 1090, 102, 108, 1076 आदि की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल अपराध (पॉक्सो), माहवारी स्वच्छता और महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर संरक्षण अधिकारी गीता श्रीवास्तव, मनो-सामाजिक परामर्शदाता अशरफ जहां, चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर प्रियंका यादव, ब्रेक थ्रू ट्रस्ट की जिला समन्वयक सुश्री नंदिनी, ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर उजमा परवीन और कम्युनिटी डेवलपर नासरीन फातिमा मौजूद रहीं।
किशोरी समूह की ओर से अंशु, नेहा, निशा, संजना, सोनम, ब्यूटी, सुनीता, सीमा, हिना और अनीता सहित अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सम्मिलित हुईं।इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था, जिससे वे सशक्त होकर समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।