Skip to content

गाजीपुर में नवरात्रि पर दुर्गा सप्तशती पाठ व अखण्ड रामायण पाठ का आयोजन, कुम्हार संघ प्रदेश अध्यक्ष ने की सहभागिता

गाजीपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजीपुर की समस्त तहसीलों एवं विकास खंडों में स्थित प्रसिद्ध मंदिरों में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्गा सप्तशती का पाठ भव्य रूप से आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न प्रसिद्ध मंदिरों में 05 व 06 अप्रैल को दुर्गा पाठ, रामायण पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस क्रम में चकेरी धाम मंदिर, बृढ़िया माई मंदिर (हथिराम मठ), कष्टहारिणी देवी मंदिर करीमुद्दीनपुर, काली मंदिर हरिहरपुर, चंडी माता मंदिर ढढनी, मां कामाख्या मंदिर गहमर, सामिया माई मंदिर करंडा एवं राम लक्ष्मण जानकी मंदिर रौजा (जल निगम रोड) पर भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। राम लक्ष्मण जानकी मंदिर रौजा में 05 अप्रैल को अखण्ड रामायण पाठ का विधिवत शुभारंभ कुम्हार संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजन कुमार प्रजापति, भाजपा के डॉ. प्रभुनाथ प्रजापति, रमाकांत, हरिवंश एवं राम अवध सहित प्रजापति समाज के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर कुम्हार संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा सप्तशती का पाठ सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखता है। यह पाठ न केवल धन-समृद्धि प्रदान करता है, बल्कि आरोग्य भी देता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश भर में कराए जा रहे इस आयोजन को नारी शक्ति के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण पहल है जो समाज को धर्म और संस्कृति से जोड़ती है। अध्यक्ष ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर सभी श्रद्धालुओं से धर्म के मार्ग पर चलने और आस्था को बनाए रखने की अपील की। सांस्कृतिक एवं सूचना विभाग के कलाकारों द्वारा भी विभिन्न मंदिरों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे धार्मिक वातावरण और भी अधिक भावमय हो गया।