Skip to content

खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में व्यापक फेरबदल, तत्काल कार्यभार ग्रहण के निर्देश

गाजीपुर। जिले में शैक्षिक प्रशासन को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) के कार्यक्षेत्र में व्यापक फेरबदल किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद नए आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन आवंटित विकास खंडों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

फेरबदल के तहत देवकली में तैनात उदय चंद्र राय को सैदपुर भेजा गया है। नगरीय क्षेत्र के मिनहाज आलम को बिरनो, जमानियां के सुरेंद्र सिंह पटेल को भदौरा, सादात के मनीष कुमार पांडेय को कासिमाबाद तथा मरदह के राजीव कुमार यादव को जमानियां स्थानांतरित किया गया है।
इसी क्रम में कासिमाबाद के बीरबल राम का तबादला मुहम्मदाबाद, बाराचवर के सुनील कुमार का देवकली, भदौरा के सीता राम यादव का सादात तथा मुहम्मदाबाद के दीना नाथ साहनी का मरदह कर दिया गया है।

इसके अतिरिक्त नीलेंद्र कुमार चौधरी को बाराचवर का अतिरिक्त प्रभारी तथा आलोक कुमार को मुख्यालय एवं नगरीय क्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। शेष खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। जिला प्रशासन का यह कदम शैक्षिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और प्रशासनिक कार्यों में गति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।