Skip to content

पाण्डेय मोड़ पुलिस हमले में ₹25,000 का इनामिया अभियुक्त पप्पू गिरफ्तार

जमानिया(गाजीपुर)। पाण्डेय मोड़ पुलिस हमला प्रकरण में फरार चल रहे ₹25,000 के इनामिया अभियुक्त पप्पू पुत्र सुभाष निवासी गढ़ भैदपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक गाजीपुर और वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।

घटना 13 मार्च 2022 को पाण्डेय मोड़ तिराहा की है, जब ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल प्रकाश और अंकित कुमार ने कुछ लोगों को सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते हुए देखा था, जिनमें पप्पू भी शामिल था। मना करने पर पप्पू और उसके साथियों ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते लगभग 30 से अधिक लोग लाठी, डंडे और पत्थर लेकर मौके पर पहुंच गए और पुलिस बल पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कांस्टेबल अंकित कुमार को सिर में गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश हो गए। उपद्रवियों ने थानाध्यक्ष सम्पूर्णानन्द राय और उनकी टीम पर भी हमला किया, जिससे सरकारी वाहनों के शीशे टूट गए। इस हमले में कुल 31 लोगों के खिलाफ विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए थे, और 7 आरोपियों के खिलाफ सीएल एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने पप्पू को मंगलवार सुबह 07:20 बजे पाण्डेय मोड़ से दिलदारनगर मार्ग स्थित पुलिया के पास गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पप्पू को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तारी टीम में चौकी प्रभारी देवैथा उ0नि0 अरुण पाण्डेय और का० अरुण पासवान शामिल थे। इस कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश भेजते हुए जनता में सुरक्षा का विश्वास और कानून का भय एक बार फिर स्थापित किया है।