Skip to content

नीम का पेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद, लाठी-डंडे चले, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जमानिया। थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में शुक्रवार सुबह नीम के पेड़ काटने और मिट्टी हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला तूल पकड़ते ही विवाद गुस्से में बदल गया और दोनों पक्षों ने लाठी-डंडे व फावड़े से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस झड़प में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित राजा बाबू यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 8:20 बजे गांव के कुछ लोग नीम का पेड़ काट रहे थे और मिट्टी हटा रहे थे। जब राजा बाबू यादव, चंदन यादव, मंदन यादव और रीता देवी ने इसका विरोध किया, तो विपक्षी पक्ष के लोग भड़क गए और लाठी-फावड़े से हमला कर दिया।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों में रामानंद यादव, सदानंद यादव, अभिषेक यादव उर्फ विशाल, अभिषेक यादव उर्फ अमितेष, रीता देवी और किरण देवी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले की जांच जारी है।