गाजीपुर। जंगीपुर मंडी समिति स्थित विपणन शाखा धान क्रय केन्द्र (जंगीपुर मंडी प्रथम) पर आज धान क्रय कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार की उपस्थिति में ग्राम सहादतपुर निवासी कृषक परमानन्द के 15 कुंतल धान की खरीद कराते हुए धान खरीद की प्रक्रिया शुरू की गई। ध्यान देने योग्य है कि मंडी समिति परिसर में विपणन शाखा के 02, मंडी समिति के 02 तथा भारतीय खाद्य निगम का 01—कुल 05 धान क्रय केन्द्र संचालित हैं, जहाँ धान क्रय हेतु आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण कर दी गई हैं।
इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पाण्डेय, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हेमन्त सिंह, केन्द्र प्रभारी रामगोपाल यादव, विपणन निरीक्षक तथा मंडी निरीक्षक श्रीमती ऋषि सिंह उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने बताया कि गत वर्ष केन्द्रों पर धान/गेहूँ विक्रय कर चुके किसानों से संपर्क कर उन्हें पुनः पंजीयन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। क्रय प्रक्रिया “पहले आओ पहले पाओ” के सिद्धांत पर संचालित होगी और किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से वापस नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी केन्द्र प्रभारियों को किसानों के साथ शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। किसान भाइयों से अनुरोध है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत खाद्य विभाग के पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर शीघ्र पंजीकरण करा लें, ताकि सत्यापन एवं धान क्रय की प्रक्रिया समय से एवं सुगमतापूर्वक पूरी हो सके।