गाज़ीपुर। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल गाजीपुर की ओर से नेहरू स्टेडियम में मा. सांसद/विधायक खेल स्पर्धा (विधानसभा सदर) का आयोजन किया गया, जिसमें सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 1000 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मा. सांसद राज्यसभा डॉ. संगीता बलवंत ने किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी आदि उपस्थित रहे। सांसद का स्वागत जिला युवा कल्याण अधिकारी ने स्मृति चिन्ह देकर किया। एथलेटिक्स में सब-जूनियर बालक वर्ग के 100 मीटर में मो. मारूफ प्रथम रहे, जबकि 800 मीटर में आकाश यादव ने बाजी मारी। बालिका वर्ग में 100 मीटर व लंबी कूद में सिमरन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर और 800 मीटर में क्रमशः मनीष यादव, रितेश और शुभम यादव विजयी रहे।
कबड्डी में बालक वर्ग की 7 स्टार टीम और बालिका वर्ग की केजीबी स्कूल टीम ने जीत दर्ज की। वॉलीबॉल में सॉरी टीम विजेता बनी, जबकि क्रिकेट में एवरग्रीन टीम 11 ने प्रथम स्थान हासिल किया। समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और टी-शर्ट प्रदान किए। कार्यक्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, दिव्यांगजन अधिकारी, कस्तूरबा विद्यालय की शिक्षिकाएँ, जिला क्रीड़ा अधिकारी और सभी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने आभार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ी मा. सांसद खेल प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
