गाज़ीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपुर मांझा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने बुढ़ऊ बाबा मंदिर के पास स्थित बंद पड़े विद्यालय (ग्राम चकेरी) में छापा मारकर अवैध रूप से रुपये से जुआ खेल रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल ₹24,25,000/-, दो पैकेट ताश के पत्ते, एक गमछा, दो अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और ₹1,594/- नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विनोद कुमार शर्मा (निवासी—खजुरी, थाना लालपुर पांडेयपुर, जनपद वाराणसी) और हनुमान प्रसाद चौरसिया (निवासी—नई बस्ती पांडेयपुर, जनपद वाराणसी) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमशः लगभग 42 व 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बंदशुदा विद्यालय परिसर में बड़ी राशि के साथ जुआ खेल रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से गैरकानूनी हथियार भी मिले, जिसके बाद उन पर कठोर कार्रवाई की गई। बरामदगी के आधार पर थाना रामपुर मांझा में मु०अ०सं० 120/2025, धारा 3/4 जुआ अधिनियम तथा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता तथा उपनिरीक्षक सरोज कुमार पांडेय अपने हमराह कर्मचारियों सहित शामिल रहे।