गाज़ीपुर| महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति (फेज 5.0) के तहत जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत थाना बहरियाबाद, भांवरकोल, रेवतीपुर, बरेसर, दिलदारनगर, जंगीपुर, मरदह, नोनहरा, मुहम्मदाबाद, शादियाबाद सहित जनपद के सभी थानों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित कस्बों, बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों व सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा जागरूकता से संबंधित जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 102/108 (एंबुलेंस), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन)—की जानकारी दी गई। साथ ही ओटीपी सुरक्षा, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया प्राइवेसी, नए कानून बीएनएस, बीएनएसएस आदि के बारे में भी विस्तृत समझ प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त थानों पर संचालित मिशन शक्ति केंद्रों और महिलाओं से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं—जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना—के बारे में पंपलेट वितरित कर जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में विश्वास और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सतर्क बनाना है।