जमानिया (गाजीपुर)। क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी की ओर से 60 एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया गया। फॉर्म मिलने के बाद ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाना और बोगस मतदाताओं के नाम हटाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फॉर्म भरने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और पात्रता के आधार पर लाभार्थियों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने कहा कि राजस्व टीम द्वारा गांव में घर–घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। सभी लेखपालों और राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से न छूटने पाए। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार अवनीश कुमार सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।