जमानिया। करजही ग्राम सभा के बाईपास रेलवे क्रॉसिंग के पास शुक्रवार की सुबह एक लावारिश बछड़ा अचेत अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। राहगीरों की लगातार आवाजाही के बावजूद किसी ने उस बेबस बछड़े पर ध्यान नहीं दिया। उसी दौरान ग्राम प्रधान जितेंद्र कुमार वहां से गुजर रहे थे। बछड़े की गंभीर हालत देखकर उन्होंने तुरंत मौके पर रुककर स्थिति का जायजा लिया। ग्राम प्रधान ने बिना देर किए जमानिया कस्बा स्थित पशु चिकित्सालय को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुँची और बछड़े का प्राथमिक उपचार शुरू किया। टीम के अनुसार बछड़ा लंबे समय से भूखा-प्यासा था, जिसके कारण वह कमजोर होकर अचेत हो गया था। इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार देखने को मिला।
ग्राम प्रधान जितेंद्र कुमार ने कहा,
“जानवर भी हमारे समाज का हिस्सा हैं। इन्हें समय पर मदद मिलना बेहद जरूरी है। खुशी है कि बछड़ा अब काफी हद तक ठीक है।” स्थानीय ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा मानवीय व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायक है। समय पर मिली मदद से राहगीरों ने भी राहत की सांस ली, क्योंकि एक निर्दोष प्राणी की जान बच गई। पशु चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं घायल या अचेत पशु दिखे तो तुरंत पशु चिकित्सा विभाग या ग्राम प्रतिनिधियों को सूचना दें, ताकि समय रहते उनकी जान बचाई जा सके।