जमानिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गडही चक जहरुल्लाह स्थित बिन्द मोहल्ला में सोमवार देर रात करीब 12 बजे चोरी की कोशिश के दौरान हड़कंप मच गया। पांच चोर मोहल्ले में घुस आए, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से एक आरोपी पकड़ा गया जबकि बाकी चार फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, वारदात से पहले चोरों ने आसपास के कई घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद वे एक घर में चोरी का प्रयास करने लगे। तभी दरवाजे के खड़कने की आवाज से घरवालों को शक हुआ और उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनते ही मोहल्ले के लोग बाहर निकल आए और चोरों को पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख चोरों ने अपने पास मौजूद तमंचे से दो राउंड फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर दरौली गांव की तरफ भाग गए। अफरा-तफरी के बीच चार चोर फरार होने में सफल रहे, जबकि ग्रामीणों ने एक चोर को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से एक चोर को पकड़ा गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।