जमानियाँ (गाजीपुर)| स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिन्दू पीजी कॉलेज में कौशल विकास केंद्र की स्थापना से क्षेत्रीय युवाओं में उत्साह का माहौल है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अर्जुन मिश्र ने बताया कि डिस्टिल एजुकेशन टेक्नोलॉजी प्रा. लि. द्वारा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के अंतर्गत कॉलेज परिसर में यह केंद्र स्थापित किया गया है।
केंद्र का शुभारंभ 20 नवम्बर को क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सिंह के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इस केंद्र के लिए आवश्यक सभी तैयारियाँ—अवसंरचना, प्रशिक्षण उपकरण तथा प्रशिक्षित संकाय—पूर्ण कर ली गई हैं। केंद्र अब स्थानीय युवाओं के कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए पूरी तरह तैयार है।
कौशल विकास केंद्र की स्थापना से युवाओं को आय-सृजन संबंधी कौशल सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। प्रशिक्षण प्राप्त युवा निजी और छोटे उद्योगों में बेहतर रूप से कार्य कर सकेंगे। कार्यक्रम की सराहना करते हुए महाविद्यालय के प्रबंधक लछिराम सिंह यादव, प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, प्रो. अरुण कुमार, तथा डॉ. संजय कुमार सिंह ने शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उनका कहना है कि कौशल विकास की यह सुविधा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।