गाजीपुर|जनपद के 4,16,000 किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के रूप में 83 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई। अब तक जनपद के किसानों को इस योजना के तहत कुल 1796 करोड़ रुपये प्रदान किए जा चुके हैं। देशभर में यह किस्त आज माननीय प्रधानमंत्री द्वारा कोयंबटूर, तमिलनाडु से जारी की गई। जनपद स्तर पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, पी.जी. कॉलेज गाज़ीपुर परिसर में किया गया, जिसमें लगभग 200 किसान तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश राय उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त कृषि एवं सहकारिता विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों ने सहकारी समितियों, बीज भंडारों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनिश्चित कराया।
उप कृषि निदेशक गाज़ीपुर ने बताया कि योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। जनपद में कुल 4,76,578 किसानों में से केवल 2,61,513 किसानों ने ही अब तक रजिस्ट्री कराई है। किसानों को आधार कार्ड, खतौनी और मोबाइल के साथ सहज जन सेवा केंद्र, ग्राम पंचायत, ग्राम प्रधान, कोटेदार, लेखपाल या कृषि विभाग के कर्मियों से संपर्क कर रजिस्ट्री कराने की अपील की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश राय ने कहा कि पीएम किसान योजना जनपद के लघु एवं सीमांत किसानों के लिए खरीफ, रबी और जायद की फसलों में बीज, दवा, खाद, जुताई और बुवाई जैसे खर्चों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक—
डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह, डॉ. शिव कुमार सिंह, डॉ. ओमकार सिंह, डॉ. रागिनी दूबे, एमएलसी माननीय चंचल सिंह के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप कुमार पाठक, जिला कृषि अधिकारी श्री उमेश कुमार,
विषय विशेषज्ञ श्री मुकेश सिंह, तकनीकी सहायक श्री मृत्युंजय सिंह एवं श्री पारसनाथ राम सहित जनपद के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।