गाजीपुर| आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 13 दिसम्बर 2025 की तैयारियों और समीक्षा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के अध्यक्ष एवं माननीय जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गाजीपुर ने की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि आगामी लोक अदालत का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुँचे तथा इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि लोक अदालत से संबंधित नोटिसों की शत-प्रतिशत तामीला कराई जाए, जिससे निर्धारित तिथि को प्रकरणों का सुचारू निस्तारण हो सके। प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी ने विभागों को निर्देशित किया कि लोक अदालत से जुड़े मामलों को चिन्हित एवं सूचीबद्ध कर समय से प्रस्तुत किया जाए।
पुलिस विभाग की ओर से नोडल अधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार ने आश्वासन दिया कि लोक अदालत में पुलिस विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार भी बैठक में मौजूद रहे।