गाजीपुर| मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र, सोनौली देवकली में प्रौद्योगिकी एवं सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने, ऑनलाइन जोखिमों की पहचान करने तथा तकनीक के सुरक्षित एवं सार्थक उपयोग के प्रति संवेदनशील बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा राय ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है, ऐसे में बच्चों और महिलाओं के लिए साइबर सुरक्षा की मूल जानकारी अत्यंत जरूरी है। उन्होंने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड, साइबर बुलिंग से बचाव, धोखाधड़ी की पहचान और रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य ने कहा कि तकनीक का सही और सकारात्मक उपयोग ही बच्चों को सशक्त बनाता है। उन्होंने बालिकाओं को ऑनलाइन सुरक्षा, सोशल मीडिया पर सावधानियां बरतने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को अवश्य दें। कार्यक्रम में कौशल विकास केंद्र के ट्रेनर, महिलाएं एवं बालिकाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।