गाजीपुर| जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन व सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत जनपद के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
अभियान के दौरान थाना खानपुर, नंदगंज, बरेसर, नोनहरा, नगसर हाल्ट, रघुवरगंज (थाना मुहम्मदाबाद), जंगीपुर, सादात, शादियाबाद, भांवरकोल, साईनाथ मंदिर कोतवाली गाजीपुर सहित सभी थानों ने कस्बों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों व धार्मिक स्थलों के आसपास जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
टीमों द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर—
1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102/108 (एंबुलेंस सेवा) एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन)—के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा, 1930 साइबर हेल्पलाइन, ओटीपी, मीडिया लिंक, एसएमएस लिंक, वेबसाइट लिंक व प्राइवेसी से संबंधित जागरूकता भी दी गई। अभियान के अंतर्गत नए कानून बीएनएस, बीएनएसएस के बारे में भी जानकारी साझा की गई। स्थानीय थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली समझाते हुए महिलाओं को पंपलेट्स के माध्यम से जागरूक किया गया। इसके साथ ही निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित विभिन्न महिला-केंद्रित सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सचेत बनाना है।