गाजीपुर| जनपद में साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर सेल और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम के प्रयासों से यूपीआई के माध्यम से धोखाधड़ी की शिकार रंजना यादव की 71,997 रुपये की पूरी रकम वापस करा दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंजना यादव पुत्री सुरेंद्र यादव, निवासी ग्राम चकबाकर पहेतिया, थाना जंगीपुर, के साथ ऑनलाइन फ्रॉड किया गया। पीड़िता ने घटना के तुरंत बाद साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल और जंगीपुर पुलिस की टीम ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी। त्वरित और प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप संयुक्त टीम ने पीड़िता की संपूर्ण धोखाधड़ी की गई राशि 71,997 रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दी। यह कार्रवाई साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत की गई है।