जमानिया| कस्बा क्षेत्र के पावर हाउस गेट के पास स्थित एक दुकान पर रविवार देर शाम मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। पीड़ित दुकानदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, यह घटना 23 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे हुई। दुकानदार की अनुपस्थिति में दुकान पर नफीस आलम काम कर रहा था। इसी दौरान चौधरी मोहल्ला निवासी चार युवक दुकान पर पहुंचे और कम दाम पर मीट देने की मांग करने लगे। निर्धारित कीमत से कम दाम पर मीट देने से नफीस आलम ने इंकार किया, जिस पर आरोपी युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने नफीस आलम के साथ मारपीट की। इसके बाद दुकान पर रखे ऑर्डर वाले मीट को सड़क पर फेंक दिया और दुकान की कुर्सियां तोड़कर नुकसान पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चारों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।