गाजीपुर|जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम, निगरानी और जनजागरूकता संबंधी रणनीतियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर जहां ड्रग्स या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री की संभावना हो, वहां नियमित पेट्रोलिंग की जाए और सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही, जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों, विशेषकर छात्रों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाए। उन्होंने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर नशा मुक्ति से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस की जांच, आकस्मिक निरीक्षण और सैंपल सीजर की रिपोर्ट समयसीमा में भेजने पर भी जोर दिया। साथ ही नशीली दवाओं एवं ड्रग्स की अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित करने का आदेश दिया। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल सोनकर, जिला आबकारी अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।