गाज़ीपुर| आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, जो 13 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी, के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जनपद न्यायालय गाज़ीपुर द्वारा आज एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जनपद न्यायालय के गेट संख्या–01 से माननीय जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विजय कुमार, जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्ता, पैरा लीगल वॉलंटियर, पुलिसकर्मी, न्यायालय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया।
जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और लाभों से अवगत कराया गया। रैली के दौरान “सबके लिए न्याय चले, निर्धन से मिलने; लोक अदालत का है नारा, न कोई चिंता न कोई हारा” जैसे नारे देकर लोगों को प्रेरित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरल, सुलभ एवं निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराना है। लोक अदालत इसी दिशा में न्याय सुलभ कराने का प्रभावी माध्यम है।