गाज़ीपुर| मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में 25 नवंबर से 25 दिसंबर 2025 तक चलने वाले आयुष्मान गोल्डन कार्ड महाअभियान को सफल बनाने हेतु विभागीय कार्य एवं दायित्व निर्धारण संबंधी बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में सीडीओ ने अभियान अवधि के दौरान शत प्रतिशत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्तियों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर दैनिक लक्ष्य तय किए जाएँ और उसी के अनुरूप लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 25 दिसंबर तक सभी लक्षित लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अवश्य बन जाने चाहिए। सीडीओ ने कहा कि इस महाअभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम विकास, शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को मिलकर अंतर्विभागीय समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि अभियान की दैनिक समीक्षा की जाएगी ताकि प्रगति सुनिश्चित हो सके। बैठक में यह भी जोर दिया गया कि अभियान के दौरान सीएचओ, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, पंचायत सहायक, स्वयं सहायता समूह और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएँ। बैठक में एसीएमओ डॉ. संजय सिंह, आयुष्मान डीआईयू टीम, एमओआईसी, बीसीपीएम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।