जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के भैदपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित संजय बिंद, निवासी शाहपुर लठिया, ने शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
तहरीर के अनुसार, बीते 26 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे रामपुर सलेमपुर गांव का ललन बिंद किसी काम के बहाने संजय बिंद को भैदपुर ले गया। गांव पहुंचते ही पुरानी रंजिश को लेकर ललन ने संजय के साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपित ललन ने अचानक लात-घूंसों और डंडे से संजय की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भयभीत संजय ने शुक्रवार को आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।