जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के फहीपुर गांव में संपत्ति विवाद को लेकर पारिवारिक कलह शुक्रवार की दोपहर हिंसक रूप ले लिया। दो छोटे भाइयों ने मिलकर अपने ही बड़े भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें पीड़ित को हाथ और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
तहरीर के अनुसार, फहीपुर निवासी अनिल कुमार राय का पिछले एक वर्ष से अपने दोनों छोटे भाइयों बृजेश राय और व्रजराज राय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे, अनिल घर के बाहर खड़ा था तभी उसका छोटा भाई बृजेश वहां पहुंचा और अचानक लात-घूंसे मारने लगा। इसके बाद उसने लाठी से हमला किया, जिससे अनिल के हाथ और गर्दन में गंभीर चोटें लग गईं। अनिल का आरोप है कि हमले के दौरान उसका दूसरा भाई व्रजराज भी मौके पर मौजूद था और उसने हमले में सहयोग किया। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों भाइयों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।