गाज़ीपुर। महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की भावना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति (फेज-5.0) के तहत पुलिस विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान थाना रेवतीपुर, थाना जंगीपुर, थाना नंदगंज रेलवे स्टेशन, थाना जमानिया, थाना नोनहरा बाजार, थाना बिरनो क्षेत्र के ग्राम बद्दोपुर, थाना रामपुर मांझा, थाना बरेसर के ग्राम जहूराबाद स्थित एस.एन. पब्लिक स्कूल, थाना भुड़कुड़ा के ग्राम कस्बा कोइरी, थाना भंवरकोल तथा थाना सादात में उप निरीक्षक सुरेंद्र मिश्र व उनकी टीम ने महिलाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 102/108 (एंबुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उन्हें जनसुनवाई पोर्टल, साइबर सुरक्षा, 1930 साइबर हेल्पलाइन, ओटीपी और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। अभियान के दौरान नए लागू कानून — बीएनएस, बीएनसीएस — की प्रमुख धाराओं और प्रावधानों को भी सरल रूप में समझाया गया। स्थानीय थानों पर मिशन शक्ति केंद्रों के संबंध में व्यापक जानकारी प्रदान की गई और पंपलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया गया। इस अवसर पर महिला केंद्रित विभिन्न सरकारी योजनाओं — जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि — का विस्तृत विवरण देते हुए उनके लाभ और पात्रता संबंधी जानकारी भी साझा की गई। पुलिस विभाग द्वारा चलाया गया यह अभियान जनपदभर में महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा व आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।