गाजीपुर। जनपद में चल रही 26वीं वाराणसी जोन अन्तर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2025 के दूसरे दिन कुल चार मैचों में से तीन मैच पूरे किए गए। प्रतियोगिता का आयोजन जिले में खेल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को मंच देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
पहला मैच: सोनभद्र बनाम जौनपुर
जौनपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विकास गुप्ता की 55 रनों की नाबाद पारी के दम पर 132 रन बनाए। सोनभद्र की तरफ से पवन ने 01 विकेट और तारीक ने 03 विकेट लिए। जवाब में सोनभद्र की टीम 112 रन पर ऑल आउट हो गई। जौनपुर की तरफ से संजय और निशांत ने क्रमश: 02-02 विकेट झटके। इस मैच में जौनपुर ने 14 रनों से जीत दर्ज की।
दूसरा मैच: गाजीपुर बनाम भदोही
गाजीपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मोहम्मद कलीम के 50 और संजय यादव के 54 रन तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा की 15 रन की छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी के बल पर 195 रन का स्कोर बनाया। भदोही की तरफ से रामप्यारे चौहान और रंजीत यादव ने 02-02 विकेट लिए। जवाब में भदोही टीम 114 रन पर सिमट गई, जिसमें उमाशंकर ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। गाजीपुर की तरफ से बलवीर ने 03 और राजेश ने 02 विकेट झटके। इस प्रकार गाजीपुर ने 81 रनों से शानदार जीत हासिल की।
तीसरा मैच: मिर्जापुर बनाम वाराणसी
वाराणसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अनिल के 16 और हरेंद्र के 18 रनों की मदद से 20 ओवर में 129 रन बनाए। मिर्जापुर की तरफ से सतीश ने 03 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मिर्जापुर ने सतीश के 61 रन की पारी की बदौलत 18.2 ओवर में जीत हासिल की। वाराणसी की तरफ से हरेंद्र वर्मा ने 03 विकेट लिए।
चौथा मैच: चंदौली बनाम आजमगढ़
चंदौली और आजमगढ़ के बीच चौथा मैच अभी जारी है। 01 दिसंबर 2025 का अंतिम मैच गाजीपुर बनाम मऊ के बीच खेला गया था। गाजीपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कलीम अख्तर के 75 रन और विवेक के 18 रनों की मदद से 20 ओवर में 205 रन बनाए। मऊ की टीम 104 रन पर ऑल आउट हुई। गाजीपुर की तरफ से एसपी गाजीपुर डॉ. ईरज राजा ने 02 विकेट और बलवीर ने 01 विकेट लिया। गाजीपुर ने 101 रनों से जीत दर्ज की।