गाजीपुर| राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (न्यूट्रीसीरियल घटक) के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में श्री अन्न—जैसे ज्वार, बाजरा, कोदो, सावा एवं रागी—की खेती को बढ़ावा देने तथा इन्हें आमजन के भोजन में शामिल करने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम एवं रोड-शो का आयोजन किया जा रहा है। कृषि निदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेश पर आयोजित यह रोड-शो 08 दिसम्बर 2025 को दोपहर 12:00 बजे नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की अध्यक्षता में प्रारम्भ होगा। रोड-शो का प्रारम्भ कृषि विज्ञान केन्द्र, पी.जी. कॉलेज परिसर से होगा, जो आगे विकास भवन, सैनिक चौराहा, लंका मैदान, विशेश्वरगंज, रौजा बकुलियापुर, बीकापुर, चौकियां छावनी लाइन मार्ग से होते हुए पुनः विकास भवन पर समाप्त होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद में श्री अन्न (मिलेट्स) के महत्व, उनके पोषण लाभ एवं खेती को बढ़ावा देने के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना है।