गाजीपुर| जनपद गाजीपुर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत पुलिस विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के अंतर्गत श्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय थाना खानपुर, आरएस पैरामेडिकल एंड नर्सिंग कॉलेज देवा थाना दुल्लहपुर, थाना करंडा, सादात, शादियाबाद, मोहम्मदाबाद, नोनहरा, रामपुर मांझा, बिरनो सहित जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कस्बों, बाजारों, स्कूल–कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें—
1090 वूमेन पावर लाइन
1098 चाइल्ड हेल्पलाइन
181 महिला हेल्पलाइन
101 अग्निशमन सेवा
112 पुलिस आपातकालीन सेवा
102/108 एंबुलेंस सेवा
1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
जनसुनवाई पोर्टल, साइबर सुरक्षा हेतु 1930 साइबर हेल्पलाइन साथ ही ओटीपी, मीडिया लिंक, एसएमएस लिंक, वेबसाइट लिंक एवं ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। टीमों ने नए लागू कानून बीएनएस, बीएनएसएस के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। स्थानीय थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका समझाते हुए पंपलेट वितरण द्वारा जनसामान्य को जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं—
निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि—की भी विस्तृत जानकारी देकर लाभान्वित किए जाने के प्रयास किए गए। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जनपद में महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास का वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग की यह पहल निरंतर जारी है।