गाजीपुर। जिले में 31 दिवसीय टीका उत्सव अभियान की शुरुआत हो गई है। बुधवार को डीआईओ डॉ. संजय सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथीखाना में फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया और नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाई। हाथीखाना सीएचसी प्रभारी डॉ. इशानी वर्धन ने बताया कि केंद्र पर 20 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई तथा 10 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रजदेपुर में 16 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।
डीआईओ डॉ. संजय सिंह ने बताया कि टीका उत्सव अभियान के तहत पांच वर्ष तक के छूटे बच्चों को पेंटा और एमआर का टीका लगाया जाएगा। अभियान में 3500 आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर छूटे बच्चों की पहचान करेंगी और उनकी जानकारी एएनएम को देंगी। इसके बाद एएनएम द्वारा टीकाकरण कर विभागीय पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड की जाएगी।
उन्होंने बताया कि माइक्रो प्लान के अनुसार ही टीकाकरण कराया जाएगा। अभियान में डिप्थीरिया, टेटनस, पोलियो, खसरा, रूबेला, बाल्यावस्था में होने वाला क्षयरोग, डायरिया, हेपेटाइटिस-बी, मेनिनजाइटिस और हीमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप-बी से बचाव के लिए एमआर वन, एमआर द्वितीय, पेंटा वन और पेंटा द्वितीय का टीका लगाया जाएगा। डॉ. संजय सिंह ने चेतावनी दी कि अभियान में लापरवाही बरतने वाली एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की जाएगी।