जमानियां। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब 22 वर्षीय युवती ने पटना–अहमदाबाद रन थ्रू ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला होने की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन बाजार क्षेत्र की रहने वाली युवती अप प्लेटफार्म पर एक समुदाय विशेष के युवक के साथ किसी बात को लेकर विवाद कर रही थी। इसी दौरान अप ट्रैक पर तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन संख्या 19422 पटना–अहमदाबाद एक्सप्रेस प्लेटफार्म को पार करने ही वाली थी कि अचानक युवती इंजन के सामने कूद पड़ी। घटना इतनी तेजी से हुई कि कोई उसे बचा नहीं सका और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना भयावह था कि युवती का शव इंजन के कैटल गार्ड में फंस गया और ट्रेन उसे कई किलोमीटर तक घसीटती हुई आगे बढ़ती रही। चंदौली जनपद के पिपरदाहा गांव स्थित गेट संख्या 90/सी पर गेटमैन की नजर शव पर पड़ी, तो उसने तत्काल जमानियां स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलने पर ट्रेन को बहोरा चंडील स्टेशन के पहले ही अप लाइन के किलोमीटर संख्या 714/27-29 पर रोका गया। आरपीएफ टीम ने कैटल गार्ड में फंसे शव को बाहर निकाला और फिर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। घटना की सूचना पर दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी जायदान सिंह और आरपीएफ उपनिरीक्षक नवीन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी एकत्रित की। पुलिस का कहना है कि युवती की शिनाख्त की जा रही है तथा घटना के कारणों का पता पोस्टमार्टम व जांच के बाद ही चल सकेगा।