जमानिया{ क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठों की कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने और पर्यावरणीय मानकों के साथ कानून-व्यवस्था सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस ने भट्ठा संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में सभी संचालकों को आवश्यक लाइसेंस, अनुमतियाँ और निर्धारित मानकों का समय से पालन करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि भट्ठा संचालकों को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाणपत्र, जिला प्रशासन की अनुमति, माइनिंग लीज सहित सभी अनिवार्य स्वीकृतियाँ समय पर प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना आवश्यक अनुमतियों के ईंट भट्ठा संचालन कानूनन अपराध की श्रेणी में आएगा।
बैठक में चिमनी की निर्धारित ऊँचाई, धुआं उत्सर्जन के मानक और अन्य पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी निरीक्षक ने चेतावनी दी कि पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान दिनेश जालान, बबलू राय सहित कई भट्ठा संचालक मौजूद रहे।