गाजीपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण का वातावरण बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के अंतर्गत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना मरदह, बिरनों, करंडा, जमानियां, रामपुर मांझा, भांवरकोल, बहरियाबाद, गहमर, खानपुर तथा जिले के अन्य सभी पुलिस स्टेशनों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के कस्बों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। अभियान के दौरान टीमों ने महिलाओं को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी महिला सुरक्षा व सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 101 अग्निशमन सेवा, 102/108 एंबुलेंस सेवा और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन—की जानकारी दी। साथ ही साइबर सुरक्षा से संबंधित 1930 साइबर हेल्पलाइन, ओटीपी सुरक्षा, मीडिया लिंक, एसएमएस लिंक, वेबसाइट लिंक तथा ऑनलाइन प्राइवेसी से जुड़ी जानकारी भी विस्तृत रूप से दी गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को नए कानून बीएनएस और बीएनएसएस के महत्वपूर्ण प्रावधानों से भी परिचित कराया। इसके अलावा स्थानीय थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें पंपलेट के माध्यम से जागरूक किया गया। अभियान के दौरान महिला-केंद्रित सरकारी योजनाओं—निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना—से संबंधित लाभ, पात्रता और प्रक्रिया की जानकारी भी प्रदान की गई। पूरे जिले में चलाया गया यह जागरूकता अभियान महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति विश्वास और सजगता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।