जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के डिल्लाचावर गांव में खेत में धान की बोझा बांधने के दौरान हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट और दांत काटने का मामला सामने आया है। पीड़िता गीता देवी ने इस घटना को लेकर पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गीता देवी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे उनके पति खेत में धान की बोझा बांधने जा रहे थे, तभी गांव की गुड़िया और कुसुम उनका वीडियो बनाने लगीं। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। शोर सुनकर गीता देवी मौके पर पहुंचीं तो आरोपितों ने उन्हें लात-घूंसे से पीटना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान किसी एक ने उनके बाएं हाथ में दांत भी काट लिया और जान से मारने की धमकी दी गई। गीता देवी ने बताया कि विपक्षीगण पहले भी कई बार मारपीट कर चुके हैं तथा इस संबंध में पहले भी रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। उनका कहना है कि आरोपी मनबढ़ प्रवृत्ति के हैं और पुलिस से डरने की बात से इनकार करते हैं। वहीं, प्रभारी निरीक्षक राम सरन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।