जमानियां (गाज़ीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाज़ार स्थित एनएच-24 बाईपास रेलवे क्रॉसिंग पर दाहिनी ओर लगा हाइट गेज बैरियर लंबे समय से उखड़कर सड़क किनारे गिरा हुआ था, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी। इस मुद्दे को “सड़क किनारे गिरा रेलवे का हाइट गेज बैरियर” शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद रेलवे इंजीनियरिंग विभाग हरकत में आया और शुक्रवार को बैरियर की मरम्मत पूरी कराकर पुनः स्थापित करा दिया।
ज्ञात हो कि बैरियर के उखड़कर गिर जाने से न केवल ओवरलोड वाहनों के रेलवे ट्रैक पर प्रवेश का खतरा बढ़ गया था, बल्कि ओवरहेड बिजली तारों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना बन गई थी। किसी बड़े हादसे की स्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता था।
रेलवे हाइट गेज बैरियर सड़क सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण उपकरण है, जो ऊँचाई से अधिक बड़े वाहनों को ओवरहेड बिजली तारों तथा रेलवे पुलों जैसी संरचनाओं से टकराने से रोकता है। वाहन यदि निर्धारित ऊँचाई से ऊपर होता है, तो बैरियर से टकराकर चालक को सावधान करता है कि आगे बढ़ना सुरक्षित नहीं है। बताया जाता है कि यह बैरियर बीते माह से ही सड़क किनारे गिरा पड़ा था और किसी गंभीर दुर्घटना का इंतज़ार कर रहा था। खबर प्रकाशित होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराकर समस्या का समाधान कराया।