जमानिया। गाज़ीपुर जिले के लिए गौरव बढ़ाने वाली बड़ी खबर सामने आई है। हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाज़ी चैम्पियनशिप के लिए जिले के कुल 11 तीरंदाज़ों और 2 कोचों का चयन राष्ट्रीय टीम में किया गया है। इस बार अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज़ मनीष दुबे को “अखिल भारतीय पुलिस टीम” (All India Police Team) का प्रतिनिधित्व सौंपा गया है, जो जिले के लिए बेहद सम्मानजनक उपलब्धि है। चयनित खिलाड़ियों में रोहित कुमार (अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज़), प्रशांत गुप्त, भावना सिंह, खुशी श्रीवास्तव, राघवेंद्र, शैलेन्द्र, रणविजय यादव, मृणाल (अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज़), माधवी और राकेश शामिल हैं। वहीं कोच सतीश दुबे और संदीप सिंह को भी राष्ट्रीय टीम को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गाज़ीपुर तीरंदाज़ी संघ के अध्यक्ष डॉ. मुकेश सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। कोच सतीश दुबे ने भरोसा जताया कि मनीष दुबे अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव और उत्कृष्ट कौशल से पुलिस टीम को मजबूत बनाएंगे और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करेंगे। गाज़ीपुर के इन खिलाड़ियों का यह चयन न सिर्फ उनके व्यक्तिगत करियर के लिए, बल्कि पूरे जिले के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।