जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के चकमेदनी गांव में रविवार शाम करीब 3:30 बजे खेत में पानी देने के लिए डीज़ल इंजन बैठा रहे किसान पर दो युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में किसान प्रेम प्रकाश राय के साथ मारपीट की गई, उनका कुर्ता फाड़ दिया गया और खेत में लगा डीज़ल इंजन पलट दिया गया, जिससे इंजन तथा उसमें रखा डीज़ल और तेल बर्बाद हो गया।
कथित रूप से आरोपित सुबाष राय और अंकित राय पर किसान ने हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित प्रेम प्रकाश राय ने बताया कि इससे पहले भी दोनों आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसकी प्राथमिकी पहले से ही कोतवाली में दर्ज है। उन्होंने कहा कि वे विकलांग और हृदय रोगी हैं तथा आरोपित उनकी संपत्ति हड़पने की नीयत से लगातार दबाव बना रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली में लिखित तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राम सरन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।