जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में एक किसान पर लाठी-डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित रविन्दर कुमार ने बताया कि 7 दिसंबर 2025 की शाम लगभग 7:30 बजे वह घर पर बैठे थे, तभी गांव के तीन लोग—राजेश, रामवचन और कोमल—एक साथ आए और उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने न केवल रविन्दर कुमार की पिटाई की बल्कि उनकी माँ और बहन को भी गालियाँ दीं तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें पूरे घटनाक्रम का उल्लेख किया गया है।
रविन्दर कुमार का कहना है कि इस हमले से उन्हें शारीरिक चोटों के साथ मानसिक रूप से भी अत्यधिक आघात पहुँचा है और आरोपितों ने उनके परिवार की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। प्रभारी निरीक्षक राम सरन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के विरुद्ध सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।