जमानिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन के बाईपास रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सयेदराजा की ओर जा रही धान से भरी ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई, जिससे रेल ट्रैक के बीच रास्ता बाधित हो गया और वहाँ से गुजर रहे वाहन चालकों व राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग व ग्रामीण मौके पर पहुँचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। करजही के प्रधान जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ट्रॉली की कुछ धान की बोरियाँ खाली करवाईं और पलटे हुए ट्रैक्टर-इंजन को सीधा कराया। गेट पर तैनात गेटमैन झाम बिहारी ने बताया कि घटना के बावजूद किसी भी ट्रेन के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि दुर्घटना के समय उस क्रॉसिंग से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। ट्रैक्टर चालक मनोज कुमार ने बताया कि वह चंदौली जिले के रमरजाय से धान लेकर अमडा धान मिल जा रहे थे। खराब सड़क और ट्रैक के बीच असमान सतह के कारण ट्रैक्टर का इंजन अचानक पलट गया। घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ के जवान डब्लू कुमार मौके पर पहुँचे और ट्रैक्टर को कब्जे में लेते हुए आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। हादसे के कारण कुछ समय के लिए वाहन एवं पैदल आवाजाही बाधित रही, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति सामान्य कर दी गई।