जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के लहुवार गांव में मंगलवार सुबह आबादी की जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर एक महिला सहित उसके तीन परिजनों को घायल कर दिया। इनमें गंभीर रूप से घायल एक युवक को वाराणसी रेफर किया गया है।
पीड़िता रैतुन खातून पत्नी इसलाम अली ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सुबह करीब 9:30 बजे जमीन के बंटवारे के विवाद में उनके पटीदार मंशूर, मंजूर, मुस्तकीम और जमीला ने एक राय होकर मारपीट की। हमले में रैतुन का पुत्र खुर्शीद, शमशेद तथा उनकी बेटी सलमा खातून घायल हो गए। छुड़ाने पहुंचे शमशेद अली के सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना से संबंधित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रभारी निरीक्षक राम सरन नागर ने बताया कि महिला की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।