गाजीपुर। महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस विभाग की मिशन शक्ति टीमों ने जनपद के सभी थानों—थाना शादियाबाद, दिलदारनगर, खानपुर, नोनहरा, जंगीपुर, सादात, भाँवरकोल, मरदह, रेवतीपुर, बरेसर, रामपुर मांझा, करंडा, जमानियां तथा अन्य सभी थानों—के क्षेत्रों में अभियान संचालित किया। टीमों ने कस्बों, बाजारों, स्कूल–कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के आस-पास पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों— 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन), 112 (पुलिस आपात सेवा), 102/108 (एंबुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन)—के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी, 1930 साइबर हेल्पलाइन, ओटीपी, मीडिया लिंक, एसएमएस लिंक, वेबसाइट लिंक और प्राइवेसी संबंधी जागरूकता भी दी गई। पुलिस टीमों ने हाल ही में लागू नए कानून—BNS, BNSS—की प्रमुख प्रावधानों से भी लोगों को अवगत कराया।
स्थानीय थानों पर मिशन शक्ति केंद्र से संबंधित जानकारी दी गई और पम्पलेट वितरण कर महिलाओं को विभिन्न महिला-केंद्रित सरकारी योजनाओं—
निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में विश्वास, सुरक्षा की भावना और आत्मनिर्भरता को बढ़ाना है, जिसके तहत पुलिस विभाग लगातार जागरूकता गतिविधियाँ जारी रखे हुए है।