जमानिया। विकासखंड तिराहे के समीप स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं कला संगम समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, वहीं शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मैनेजर कीर्ति श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, नारी शक्ति, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, दहेज प्रथा जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियाँ दीं। साथ ही मेघालय, ओडिशा, दक्षिण भारत, राजस्थान की लावणी एवं गुजरात के लोकनृत्यों की मनमोहक झलक प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि कीर्ति श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजनों से छात्राओं के आत्मविश्वास एवं प्रतिभा में निखार आता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या सरिता जायसवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं का सर्वांगीण विकास ही विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है, जिसके लिए विद्यालय परिवार निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न कक्षाओं में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर नेहा वर्मा, संगीता, अंजली झा, दरक्शा बानो, दिनेश, खुशी, नाजिया, बुलबुल, प्रीति वर्मा, संजय सिंह, श्रद्धा त्रिपाठी, अर्चना सिंह, पूनम मिश्रा, शशी शेखर उपाध्याय, संतोष जायसवाल, श्याम सुंदर, संतोष पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका अपराजिता ने किया।