जमानिया। स्थानीय तहसील सभागार में शुक्रवार की शाम गोवंश आश्रय स्थलों की अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में तहसील क्षेत्र के अंतर्गत संचालित स्थायी एवं अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ने सभी गोवंश आश्रय स्थलों पर ठंड से बचाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्रय स्थलों में तिरपाल, अलाव तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ-साथ शेड की उचित व्यवस्था कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही शासनादेश के अनुरूप गोवंशों के लिए पराली संग्रहण, उपयुक्त चारा एवं पशु आहार उपलब्ध कराने तथा आश्रय स्थलों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि जहां संभव हो हरा चारा उपलब्ध कराया जाए और यदि हरा चारा उपलब्ध न हो तो साइलेज का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त सभी गोवंशों का समयबद्ध टीकाकरण, नियमित चिकित्सीय परीक्षण एवं पशु स्वास्थ्य सेवाओं का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि पशुओं को किसी भी प्रकार की बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके। बैठक में तहसील प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े गोवंश आश्रय स्थलों के संचालन एवं चुनौतियों पर विचार साझा किए। इस अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, तहसीलदार राम नारायण वर्मा, एडीओ पंचायत उमेंद्र प्रताप सिंह, एडीओ कृषि दीपक कुमार सिंह, प्रमोद यादव, अरुण कुमार, डॉ. गौरव द्विवेदी, छविनाथ सिंह, धीरेन्द्र सिंह यादव, वन रक्षक सैमुद्दीन अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।