जमानियां (गाज़ीपुर)। कोतवाली परिसर में शनिवार की सुबह उस समय अजीबोगरीब नज़ारा देखने को मिला, जब धान से लदी जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बंदरों का झुंड टूट पड़ा। पुलिस द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर परिसर में खड़ा किए जाने के बाद बंदर ट्रॉली पर चढ़ गए और धान के बोरों को फाड़कर खूब उत्पात मचाया। बंदरों ने अपनी स्वाभाविक शरारतों के साथ धान खाया और बड़ी मात्रा में उसे परिसर में बिखेर दिया। कोतवाली की ओर आने-जाने वाले लोग यह दृश्य देखकर चकित रह गए। लोगों में चर्चा रही कि बंदर कई दिनों से भूखे प्रतीत हो रहे थे, जबकि सामान्यतः बंदर धान नहीं खाते। इसके बावजूद उन्होंने धान के बोरों को फाड़कर अपनी भूख शांत की।
बताया जा रहा है कि तड़के घने कोहरे के कारण धान से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और गौवंश लदी एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर कोतवाली ले आई। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।