गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना सुहवल पुलिस टीम को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक थाना सुहवल धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय एवं उप निरीक्षक विरेन्द्र राय पुलिस टीम के साथ 16 दिसंबर 2025 को सोनवल रेलवे क्रासिंग के पास संदिग्धों की तलाश में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना सुहवल में पंजीकृत मुकदमा संख्या 137/2025, धारा 137(2), 65(1) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त अजीत राजभर (उम्र लगभग 20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि उक्त प्रकरण में वादी द्वारा थाना सुहवल पर लिखित तहरीर दी गई थी, जिसमें उनकी 16 वर्षीय पुत्री को अभियुक्त द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में थाना सुहवल पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता को दिनांक 13 दिसंबर 2025 को बरामद कर उसके बयान एवं मेडिकल परीक्षण के आधार पर मुकदमे में धारा 65(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई। गिरफ्तार अभियुक्त अजीत राजभर पुत्र राजनरायन, निवासी ग्राम सुगवलिया, थाना सुहवल, जनपद गाजीपुर के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम— प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक विरेन्द्र राय मय हमराह, थाना सुहवल, जनपद गाजीपुर।