गाजीपुर| जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में एन-कार्ड (N-CORD) की जनपद स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में नशीले पदार्थों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर जहां ड्रग्स सहित किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की बिक्री की संभावना हो, वहां नियमित रूप से पेट्रोलिंग कराई जाए। इसके साथ ही जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, समय-समय पर निरीक्षण एवं आकस्मिक चेकिंग सुनिश्चित की जाए तथा मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस की गहन जांच की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेरोइन तस्करों पर निरंतर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि छात्राओं एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के विषय में लगातार जागरूक किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सीजर सैंपल की आख्या समयबद्ध रूप से प्रेषित करने तथा नशीली दवाओं एवं ड्रग्स के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।