गाजीपुर| खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आम जनमानस की सुविधा के लिए राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाएं विभागीय वेबसाइट के पब्लिक डोमेन पर उपलब्ध करा दी गई हैं। इन ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से अब राशन कार्ड धारक घर बैठे अपने राशन कार्ड से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर सकेंगे।
उपलब्ध कराई गई सेवाओं में राशन कार्ड विभाजन हेतु आवेदन, यूनिट स्थानांतरण हेतु आवेदन, राशन कार्ड स्थानांतरण, राशन कार्ड समर्पण, यूनिट निरस्तीकरण तथा मृत्यु की दशा में राशन कार्ड के मुखिया परिवर्तन हेतु आवेदन शामिल हैं। आवेदक अपने राशन कार्ड नंबर एवं राशन कार्ड से लिंक्ड मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर आधार आधारित ओटीपी सत्यापन के पश्चात आवेदन कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था के लागू होने से राशन कार्ड धारकों को अब अनावश्यक रूप से आपूर्ति कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ऑनलाइन किए गए आवेदन संबंधित सक्षम प्राधिकारी के लॉगिन पर स्वतः प्रदर्शित हो जाएंगे, जिनका नियमानुसार 15 दिवस के भीतर निस्तारण किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने जनपद के समस्त राशन कार्ड धारकों एवं आम जनमानस को सूचित करते हुए बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा यह सुविधा नागरिकों की सहूलियत और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे इन ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।